मिशन शक्ति 5.0: महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु जागरूकता अभियान

बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी

संवाददाता
कानपुर देहात

दिनांक 03 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक, जनपद कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जनपद कानपुर देहात में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों की पुलिस टीमों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग करना, अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों से अवगत कराना तथा विभिन्न सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों
181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम)—की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी प्रोफाइल/खातों से धोखाधड़ी से बचाव हेतु व्यावहारिक सुझाव एवं सावधानियां साझा की गईं।

महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराते हुए POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आई.टी.) अधिनियम के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।

कानपुर देहात पुलिस “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” की भावना के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। जनपदवासियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा उपरोक्त हेल्पलाइन नंबरों/ 112 पर संपर्क करें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *