संवाददाता
कानपुर देहात
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने जानकारी दी कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जनपद कानपुर देहात में दिनांक 25 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 11:00 बजे मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई जाएगी। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों एवं इंटर कॉलेजों से लगभग 100 छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
इस अवसर पर नव पंजीकृत मतदाताओं को जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा पहचान पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही थर्ड जेंडर मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनपद की प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को भी जनपद स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे दिनांक 25 जनवरी 2026 को प्रातः 10:30 बजे छात्रों की उपस्थिति कलेक्ट्रेट सभागार में सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को स्वयं उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में मतदाता जागरूकता बढ़ाना, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विश्वास सुदृढ़ करना तथा अधिकाधिक नागरिकों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ना है।