संवाददाता
कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में जनपद में संचालित फ्लैगशिप विकास कार्यक्रमों तथा विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभागीय योजनाओं एवं सीएमआईएस पोर्टल पर प्रदर्शित निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित समस्त विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं में लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं सीएमआईएस पोर्टल पर प्रदर्शित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों से संबंधित अद्यतन, सत्यापित एवं सटीक आंकड़े निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर अपलोड किए गए आंकड़े शासन स्तर पर जनपद की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार होते हैं, अतः किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही न की जाए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों, गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा निर्माण कार्यों का नियमित भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। मानकों के विपरीत कार्य पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में फैमिली आईडी से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फैमिली आईडी से संबंधित कार्य शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने भी विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ समय से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य के जीवन-स्तर में सुधार लाना है, जिसके लिए सभी अधिकारियों को पूर्ण निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित योजनाओं की नियमित समीक्षा कर अवरोधों की पहचान की जाए तथा उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन से ही जनपद कानपुर देहात को विकास की दिशा में और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, डीएसटीओ प्रतिभा सिंह, डीसी मनरेगा अशोक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।