संवाददाता
कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा दिनांक 21 जनवरी 2026 को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने जनसामान्य की विभिन्न शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संतोषजनक निस्तारण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को निस्तारण की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति से समय-समय पर अवगत कराया जाए।
जनसुनवाई को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से इस अवसर पर समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह सहित अतिरिक्त मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।