ड्राउनिंग (डूबने) से बचाव हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

यू.पी. 112, अग्निशमन व स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

संवाददाता
कानपुर देहात

जनपद गौतमबुद्ध नगर में एक इंजीनियर की बेसमेंट में डूबने से हुई दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु की घटना के पश्चात् डूबने से होने वाली असामयिक मौतों की रोकथाम के लिए त्वरित संज्ञान लेते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इसी क्रम में दिनांक 20 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक महोदया जनपद कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में फायर स्टेशन माती, कानपुर देहात में ड्राउनिंग (डूबने) से बचाव हेतु विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य यू.पी. 112 में तैनात कर्मचारियों, अग्निशमन दल के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों को डूबने की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी बचाव कार्य हेतु प्रशिक्षित करना था। कार्यशाला में मुख्य अग्निशमन अधिकारी, कानपुर देहात, उप मुख्य चिकित्साधिकारी तथा प्रभारी निरीक्षक डायल-112 द्वारा प्रतिभागियों को विस्तृत प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान डूबने की स्थिति में प्राथमिक उपचार, सुरक्षित रेस्क्यू तकनीक, उपकरणों के सही उपयोग, जलाशयों, बेसमेंट, पानी की टंकियों में फंसे व्यक्तियों के त्वरित रेस्क्यू, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की नवीनतम पद्धतियों एवं अन्य जीवन रक्षक उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री प्रतीक श्रीवास्तव ने कहा कि
“ऐसी घटनाओं से सीख लेते हुए हमारा प्रयास है कि भविष्य में जनपद में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। समय पर सही तकनीक और त्वरित कार्रवाई से अनेक बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं।”

यह कार्यशाला पुलिस, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई, जिससे आपात परिस्थितियों में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *