समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
संवाददाता
कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा दिनांक 20 जनवरी 2026 को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने जनसामान्य की विभिन्न शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान भोगनीपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माचा निवासी शिकायतकर्ता द्वारा जाति प्रमाण पत्र न बनाए जाने की शिकायत प्रस्तुत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी भोगनीपुर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयसीमा के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए।
इसी क्रम में मैथा तहसील अंतर्गत ग्राम मातमऊ के शिकायतकर्ता द्वारा भूमि पर कब्जा दिलाए जाने से संबंधित समस्या बताई गई, वहीं रूरा क्षेत्र के ग्राम गदनपुर निवासी द्वारा विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायत दर्ज कराई गई। जिलाधिकारी ने इन सभी प्रार्थना पत्रों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर संतोषजनक निस्तारण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति से समय-समय पर अवगत कराया जाए, जिससे पारदर्शिता एवं विश्वास बना रहे।
जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय अधिकारी, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी द्वारा जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह सहित अतिरिक्त मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।