संवाददाता | कानपुर देहात
शनिवार को तहसील मैथा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर माननीय राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला जी ने तहसील स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आमजन की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं प्रार्थना पत्रों के माध्यम से प्रस्तुत कीं।
माननीय मंत्री जी ने प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रार्थना पत्रों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए और निस्तारण की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता न हो।
मंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से लेखपाल एवं ग्राम पंचायत सचिव स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही कर दिया जाए, ताकि ग्रामीणों को तहसील एवं ब्लॉक कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
माननीय मंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन को त्वरित, सुगम एवं जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और संपूर्ण समाधान दिवस इसी उद्देश्य की पूर्ति का प्रभावी माध्यम है।