राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जोल्हूपुर एवं इकलासपुरा चौराहे पर जागरूकता अभियान चलाया गया

संवाददाता — उरई / जालौन

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत दिनांक 13 जनवरी 2026 को जोल्हूपुर एवं इकलासपुरा चौराहे पर बिना रिफ्लेक्टर टेप लगे वाहनों के विरुद्ध विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर सुरेश कुमार, वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) एवं प्रवर्तन स्टाफ उपस्थित रहा। अभियान के दौरान यातायात नियमों से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए तथा जिन वाहनों में रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगे पाए गए, उनमें मौके पर ही रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए।

वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा वाहन चालकों को कोहरे के दृष्टिगत रिफ्लेक्टर टेप का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने की सलाह दी गई, जिससे रात्रि एवं कम दृश्यता की स्थिति में दुर्घटनाओं से बचा जा सके। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के मामलों में कुल 78 चालान किए गए।

इसके साथ ही वाहन चालकों को सुरक्षित परिवहन से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें अपील की गई कि वे समस्त वैध प्रपत्रों के साथ वाहन का संचालन करें, नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, ओवरस्पीड एवं गलत दिशा में वाहन न चलाएं तथा बिना नंबर प्लेट के वाहन का संचालन न करें।

अभियान के दौरान कोहरे में वाहन चलाते समय गति सीमा कम रखने, दृश्यता अत्यधिक कम होने की स्थिति में वाहन को किसी सुरक्षित स्थान अथवा पेट्रोल पम्प आदि पर खड़ा करने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य नियमों की भी विस्तृत जानकारी देकर वाहन चालकों को जागरूक किया गया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *