कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी की जनसुनवाई, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नई पहल

समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश

संवाददाता | कानपुर देहात

कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने जनसामान्य की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का संतोषजनक एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को निस्तारण की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति से नियमित रूप से अवगत कराया जाए, जिससे जनविश्वास बना रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा एक नई एवं अभिनव पहल करते हुए जनसुनवाई के दौरान समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों, सभी उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा गया। जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

जनसुनवाई के दौरान जनपद, तहसील, विकासखंड एवं नगर निकाय स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता, निष्पक्षता एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह सहित अतिरिक्त मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *