संवाददाता | कानपुर देहात
दिनांक 07 जनवरी 2026 को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं साइबर अपराधों से बचाव की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
साइबर सुरक्षा के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन ठगी जैसी घटनाओं से सतर्क रहने के उपाय बताए गए। इसके अतिरिक्त POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा आईटी एक्ट से संबंधित प्रावधानों की जानकारी देकर उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने अपील की कि महिलाएं किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करें, पुलिस उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।