संवाददाता — कानपुर देहात
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में आलेख्य निर्वाचन नामावलियों (ड्राफ्ट रोल) के प्रकाशन को लेकर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचन नामावलियों का आलेख्य (ड्राफ्ट) प्रकाशन 06 जनवरी, 2026 को किया जा चुका है। इसके पश्चात 06 जनवरी, 2026 से 06 फरवरी, 2026 तक आम नागरिकों से मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण हेतु नोटिस चरण (जारीकरण, सुनवाई एवं सत्यापन) की प्रक्रिया 06 जनवरी, 2026 से 27 फरवरी, 2026 तक संचालित की जाएगी, जबकि अंतिम निर्वाचन नामावली का प्रकाशन 06 मार्च, 2026 को किया जाएगा।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन नामावलियों के ड्राफ्ट रोल की एक-एक प्रति उपलब्ध कराई गई, साथ ही सॉफ्ट कॉपी युक्त सीडी भी प्रदान की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के माध्यम से मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 01 जनवरी, 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र नागरिक, जिनके नाम अभी निर्वाचन नामावली में सम्मिलित नहीं हैं, वे अपने संबंधित मतदेय स्थल पर फॉर्म-6 भरकर अथवा https://voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता, समावेशन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष एवं नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी से श्यामू शुक्ला, समाजवादी पार्टी से शेखू खान एवं बृजमोहन यादव, आम आदमी पार्टी से रोहित यादव, बहुजन समाज पार्टी से आशुतोष गौतम, कांग्रेस से गोविंद यादव तथा सीपीआई(एम) से राम अवतार भारती एवं राम शेष आदि ने बैठक में सहभागिता की।