महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों पर दी गई जानकारी
संवाददाता — कानपुर देहात
दिनांक 04 जनवरी 2026 को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत जनपद के विभिन्न बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों की पुलिस टीमों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने के बारे में बताया गया।
जागरूकता अभियान के दौरान सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी सोशल मीडिया खातों से बचाव के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए गए। इसके अतिरिक्त महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराते हुए POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा आईटी एक्ट के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कानपुर देहात पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।