बुंदेलखंड महापरिषद के संस्थापक स्व. सुदर्शन सिंह जादौन की आठवीं पुण्यतिथि पर वृहद स्वास्थ्य मेले का आयोजन

850 ग्रामीणों ने कराया निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
स्वास्थ्य मेले जैसे आयोजन वंचित वर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी : नीरज गौतम

संवाददाता — उरई/जालौन

बुंदेलखंड महापरिषद के संस्थापक स्वर्गीय सुदर्शन सिंह जादौन की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर अनुरागिनी संस्था द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर जनपद जालौन के विकासखंड डकोर स्थित ग्राम टिमरों में वृहद स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्व. सुदर्शन सिंह जादौन के सामाजिक सरोकारों, जनसेवा एवं ग्रामीण उत्थान के विचारों को समर्पित रहा।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग की सदस्य नीरज गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी संघ के उपसभापति रामाशंकर जायसवाल विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि माधौगढ़ विधानसभा के विधायक मूलचंद्र निरंजन ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों का स्वागत अनुरागिनी संस्था के पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक एवं उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि स्व. सुदर्शन सिंह जादौन ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए समर्पित किया। अनुरागिनी संस्था उनके विचारों को आत्मसात करते हुए विगत 28 वर्षों से महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्य अतिथि नीरज गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य मेले जैसे आयोजन अनुसूचित जाति, जनजाति एवं वंचित वर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति को स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक समावेशी विकास संभव नहीं है। अनुरागिनी संस्था द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय एवं प्रेरणादायक है।

विशिष्ट अतिथि रामाशंकर जायसवाल ने कहा कि सहकारिता एवं सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की सर्वाधिक आवश्यकता होती है और ऐसे स्वास्थ्य मेले आमजन को उपचार के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक करते हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटोरिया ने कहा कि इस प्रकार के वृहद स्वास्थ्य मेलों से ग्रामीण जनता को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं समय रहते बीमारियों की पहचान का लाभ मिलता है।

स्वास्थ्य मेले में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। कुल 850 ग्रामीण जनों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। मेले में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सामान्य रोग परीक्षण, रक्तचाप एवं मधुमेह जांच, महिला एवं बाल स्वास्थ्य परामर्श, आयुष एवं एलोपैथिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने स्व. सुदर्शन सिंह जादौन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन, भाजपा पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोज राजपूत, भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सूर्य नायक, जिला केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राजावत, नगर पंचायत अध्यक्ष सिया शरण व्यास सहित अनेक जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अनुरागिनी संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *