बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी
संवाददाता — कानपुर देहात
महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दिनांक 25 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में ग्रामीण एवं शहरी इलाकों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस कर्मियों द्वारा महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने के संबंध में भी बताया गया।
इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट आदि से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कानूनी अधिकारों के अंतर्गत महिलाओं को पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा आईटी एक्ट (साइबर अपराध) से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में अवगत कराया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना, आत्मनिर्भर करना तथा किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना रहा।