अटल जन्म शताब्दी समारोह में प्रतिभाशाली छात्राओं का सम्मान, कविता व विचारों से गूंजा सभागार

संवाददाता — उरई/जालौन

भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जनपद स्तरीय भाषण, एकल काव्य पाठ एवं निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा विजेता छात्राओं को चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी जी की रचनाओं का भावपूर्ण काव्य पाठ प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सराहा।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का व्यक्तित्व राजनीति, साहित्य और राष्ट्रसेवा का अद्भुत संगम था। उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कविताएं नई पीढ़ी को राष्ट्रवादी विचारधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।

सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि अटल जी का जीवन अनुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन का प्रतीक रहा है, जिससे आज का युवा प्रेरणा ले सकता है।

माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि अटल जी की कविताएं आज भी युवाओं में सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का संचार करती हैं।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रसिद्ध कविता “आओ फिर से दिया जलाएं” का सस्वर पाठ करते हुए कहा कि यह कविता निराशा के अंधकार में आशा, आत्मबल और राष्ट्र के प्रति दायित्व का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के साहित्यिक आयोजन विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को निखारने के साथ-साथ उन्हें संस्कारवान नागरिक बनाने में सहायक होते हैं।

प्रतियोगिताओं के विजेता

  • भाषण प्रतियोगिता:
    प्रथम — पलक जादौन
    द्वितीय — उत्कर्ष श्रीवास्तव
    तृतीय — दीक्षा कुशवाहा

  • एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता:
    प्रथम — शैलजा राज
    द्वितीय — कुमकुम विश्वकर्मा
    तृतीय — अरबिया

  • निबंध प्रतियोगिता:
    प्रथम — नंदिनी
    द्वितीय — राधा तिवारी
    तृतीय — रिया

विजेता प्रतिभागियों को निर्धारित पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचार, कृतित्व और साहित्य आज भी देश को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं तथा युवाओं को उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, विधान परिषद सदस्य (शिक्षक) की प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, दयानंद वैदिक कॉलेज के प्राचार्य राजेश चंद्र पांडे सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *