कलेक्ट्रेट परिसर से पल्स पोलियो अभियान की जागरूकता रैली को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई, दिनांक 13 दिसम्बर 2025 (सू०वि०)।
पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने तथा आमजन को 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में एक भव्य जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मा० जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ० घनश्याम अनुरागी, मा० विधायक सदर गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ० घनश्याम अनुरागी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा एक अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक को अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलानी चाहिए। उन्होंने अभियान में लगे स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवी संगठनों के योगदान की सराहना की।

मा० विधायक सदर गौरीशंकर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पोलियो मुक्त भारत की दिशा में पल्स पोलियो अभियान एक सशक्त कदम है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रांतियों पर ध्यान न दें और अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मेलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी पोलियो बूथ लगाए गए हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए। जिलाधिकारी ने अभियान की सतत निगरानी के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

रैली में शामिल प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “दो बूंद जिंदगी की”, “पोलियो को हराना है” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।

रैली में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० डी०के० भिटौरिया, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी सदर अर्चना सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं, स्कूली बच्चे तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *