उच्च न्यायालय के निर्देश पर न्यायिक अधिकारियों ने जनपद जालौन के शेल्टर होम्स का किया औचक निरीक्षण

प्रेस विज्ञप्ति

उरई, दिनांक 16 अक्टूबर 2025 (सू.वि.)

माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार दिनांक 16.10.2025 को जिला न्यायिक अधिकारियों द्वारा जनपद जालौन में संचालित दो शेल्टर होम — राठ रोड स्थित “वृद्धाश्रम” एवं मोहल्ला लहरियापुरवा स्थित “आश्रय-गृह” — का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान न्यायिक अधिकारियों ने दोनों संस्थानों की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया तथा कर्मचारीगण को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण में आश्रितों के रहन-सहन, खानपान, चिकित्सा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया।

वृद्धाश्रम निरीक्षण विवरण:
समाज कल्याण विभाग द्वारा स्वैच्छिक संस्था शिवा ग्रामोत्थान सेवा संस्था (एफ-473, गुजैनी, रतनलाल नगर, कानपुर नगर) के सहयोग से राठ रोड, उरई में संचालित वृद्धाश्रम में निरीक्षण के दौरान 118 संवासी उपस्थित मिले। पंजिका के अनुसार रात्रिकालीन कर्मचारियों को छोड़कर शेष सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए।

संवासियों से भोजन एवं देखभाल के संबंध में पूछताछ की गई, जिस पर उन्होंने बताया कि चाय-नाश्ता एवं भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार नियमित रूप से मिल रहा है।
मेडिकल डिस्पेंसरी का निरीक्षण करने पर पाया गया कि आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध हैं। स्टाफ नर्स की अनुपस्थिति पर बताया गया कि वह जिला अस्पताल गई हैं। किसी भी संवासी द्वारा कोई शिकायत या समस्या नहीं बताई गई।

आश्रय-गृह निरीक्षण विवरण:
नगर पालिका परिषद उरई के सहयोग से एन.जी.ओ. लखनऊ द्वारा मोहल्ला लहरियापुरवा में संचालित आश्रय गृह में न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच की। निरीक्षण के समय केयरटेकर श्रीमती पूजा देवी उपस्थित मिलीं। प्रबंधक शिवबाबू राठौर के संबंध में जानकारी दी गई कि उनके पिता की तबीयत खराब होने के कारण वे इलाज हेतु बाहर गए हैं।
मेडिकल डिस्पेंसरी का निरीक्षण करने पर समस्त दवाएं सुव्यवस्थित एवं पर्याप्त मात्रा में पाई गईं। आश्रित पंजिका के अनुसार पूर्व तिथि में 11 आश्रित पंजीकृत मिले।

निरीक्षण दल:
इस अनुश्रवण समिति में

  • अपर जिला जज प्रथम श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी,

  • अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पारुल पंवार,

  • मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अभिषेक खरे
    शामिल रहे।

साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन (स्थान उरई) के लिपिक श्री शुभम् शुक्ला निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *