जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया पटाखा दुकानों का निरीक्षण — सुरक्षा मानकों के पालन पर दिया विशेष जोर

त्योहारों के मद्देनज़र अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, व्यापारियों को दिए सख्त निर्देश

कानपुर देहात | 12 अक्टूबर 2025 | सूचना विभाग प्रकाशनार्थ

आगामी दीपावली एवं अन्य त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से अकबरपुर–रूरा रोड स्थित पप्पू आतिशबाजी एवं आरिश ट्रेडर्स की पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखों के सुरक्षित भंडारण, बिक्री व्यवस्था एवं अग्निशमन की तैयारियों का गहनता से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि सभी व्यापारी निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें तथा किसी भी स्थिति में अधिक मात्रा में आतिशबाजी सामग्री दुकान या गोदाम में न रखें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुकान में अग्निशमन यंत्र, पानी एवं रेत की बाल्टी, वेंटिलेशन की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। साथ ही, दुकानों के आसपास धूम्रपान पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि बाजार क्षेत्र में सतर्क गश्त बढ़ाई जाए तथा सुरक्षा की दृष्टि से विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या अवांछित घटना की संभावना न रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि “सुरक्षा ही सर्वोपरि है” — पटाखों की बिक्री केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही की जाए और आमजन से अपील की कि वे केवल वैध दुकानों से ही पटाखे खरीदें

उन्होंने अभिभावकों से यह भी आग्रह किया कि बच्चों को पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने के लिए प्रेरित करें ताकि त्योहारों की खुशियां सुरक्षित और आनंदमय बनी रहें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *