अश्लील वीडियो देखने के नाम पर गिरफ्तारी का डर दिखाकर की गई थी ठगी, साइबर हेल्प डेस्क की तत्परता से पीड़ित को मिली राहत
संवाददाता
कानपुर देहात।
साइबर ठगों ने अश्लील वीडियो देखने के नाम पर पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी का डर दिखाकर एक व्यक्ति से 16,500 रुपये ठग लिए। मामले में थाना शिवली की साइबर हेल्प डेस्क ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रामगढ़ निवासी दीपक कुमार को साइबर ठग ने मोबाइल पर पुलिस कार्रवाई की धमकी देकर 16,500 रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। पीड़ित ने 2 अगस्त 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 अक्टूबर को पूरी धनराशि वापस करा दी।
ठगी की रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने शिवली पुलिस का आभार जताया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर अतुल कुमार और महिला कांस्टेबल प्रीति सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ सकती है।