किसानों के खातों में पहुंची पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त

विकास भवन में हुआ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण, करीब 200 प्रगतिशील किसानों ने लिया भाग

संवाददाता
कानपुर देहात।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए हस्तांतरित की। इस अवसर पर कानपुर देहात के विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे अधिकारियों और करीब 200 प्रगतिशील किसानों ने देखा और सुना।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के कल्याण एवं कृषि विकास के लिए संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने पर जोर दिया।

आधुनिक कृषि तकनीक और प्राकृतिक खेती की दी गई जानकारी

इस दौरान किसानों को प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ आधुनिक कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, कृषि नवाचार और पशुपालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

कार्यक्रम में मंत्री अजीत सिंह पाल के प्रतिनिधि अविनाश चौबे, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के प्रतिनिधि बहुआ पाण्डेय, उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके बरनवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अंत में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *