पांच उन्नत प्रजातियों के बीज उपलब्ध, ऑनलाइन आवेदन में कम से कम दो किस्मों का चयन अनिवार्य
संवाददाता
कानपुर देहात।
आलू की खेती करने वाले किसानों के लिए उद्यान विभाग ने उन्नत बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। योजना के तहत किसानों को बीज की खरीद पर 1,000 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए किसानों को विभागीय पोर्टल www.potato.uphorticulture.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बलदेव प्रसाद के अनुसार, किसानों को कुफरी बहार, कुफरी सूर्या, कुफरी ख्याति, कुफरी मोहन और कुफरी चिप्सोना प्रजातियों के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इन बीजों की निर्धारित बिक्री दर 3,040 से 3,630 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है।
आवेदन के दौरान किसानों को कम से कम दो प्रजातियों का चयन करना अनिवार्य होगा। बीज का भुगतान नकद करना होगा। इसके बाद पात्र किसानों के बैंक खातों में 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अनुदान राशि भेजी जाएगी।
जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों से योजना का लाभ उठाने के लिए निर्धारित पोर्टल पर समय से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।