किसानों से फार्मर रजिस्ट्री, आधार व खतौनी के आधार पर खाद लेने की अपील
संवाददाता
कानपुर देहात।
रबी अभियान 2026-27 के तहत फसलों की बुआई तेज होने के बीच कृषि विभाग ने जनपद में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध होने की जानकारी दी है। जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, जिले में 28,404 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है, जिसमें से 1,780 मीट्रिक टन का वितरण किया जा चुका है। वहीं, डीएपी का 14,294 मीट्रिक टन स्टॉक उपलब्ध है, जिसमें से 4,706 मीट्रिक टन वितरित किया जा चुका है।
इसके अलावा 7,322 मीट्रिक टन एनपीके, 2,328 मीट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) और 359 मीट्रिक टन पोटाश भी वितरण के लिए उपलब्ध है। कृषि विभाग ने किसानों से संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने तथा डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके और एसएसपी के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की है।
किसान साधन सहकारी समितियों, इफको ई-बाजार, कृभको सेंटर और निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों सहित निर्धारित केंद्रों से सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खाद प्राप्त कर सकते हैं। उर्वरक लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री, आधार, खतौनी और फसल की संस्तुति के आधार पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
जिला कृषि अधिकारी ने उर्वरक विक्रेताओं को निर्धारित दरों पर पीओएस मशीन के माध्यम से खाद वितरित करने तथा स्टॉक और बिक्री रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश दिए हैं। अनियमितता मिलने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई की जाएगी।