105 जोड़ों ने कराया था पंजीकरण, महारानी गार्डन में विभिन्न धर्मों की परंपराओं के अनुसार संपन्न हुए विवाह
संवाददाता
उरई/जालौन।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को कौंच रोड स्थित महारानी गार्डन में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पंजीकृत 105 जोड़ों में से 76 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। विभिन्न धर्मों और समुदायों के जोड़ों का विवाह उनकी परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी और विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने योजना को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहायक बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना से बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने के साथ सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा मिलता है।
जिलाधिकारी समीर ने बताया कि योजना के तहत पात्र कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से 64 हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की विवाह सामग्री उपलब्ध कराने और 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाने का प्रावधान है।
समारोह में नवदंपतियों को विवाह प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव, सूर्य नायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और वर-वधू के परिजन मौजूद रहे।