करवाचौथ पर वृद्धाश्रम में सजी दादियों के हाथों में मेहंदी, चेहरों पर खिली मुस्कान

जिलाधिकारी समीर की पहल से बुजुर्ग महिलाओं ने साझा कीं त्योहार की खुशियां, ‘हमारी उम्मीद मिशन’ ने दिया अपनत्व का संदेश

संवाददाता
उरई/जालौन।

करवाचौथ के अवसर पर जालौन स्थित वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं के हाथों में मेहंदी रचाकर उनके जीवन में खुशियों के रंग भरे गए। जिलाधिकारी समीर की संवेदनशील पहल से प्रेरित इस आयोजन में ‘हमारी उम्मीद मिशन’ की संस्थापक अवंतिका तिवारी ने दादियों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

मेहंदी से सजे हाथों और चेहरों पर खिली मुस्कान ने वृद्धाश्रम का माहौल खुशनुमा बना दिया। इस पहल का उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं को अपनत्व, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का एहसास कराना था, ताकि वे भी त्योहार की खुशियों में सहभागी बन सकें।

जिलाधिकारी समीर के मार्गदर्शन में बुजुर्गों के जीवन में खुशियां लाने और नई पीढ़ी में उनके प्रति सम्मान व संवेदनशीलता विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले भी ‘हमारी उम्मीद मिशन’ के बच्चे वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ समय बिता चुके हैं।

अवंतिका तिवारी के नेतृत्व में मिशन शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए कार्य कर रहा है। यह आयोजन संदेश देता है कि बुजुर्गों की देखभाल केवल उनकी जरूरतें पूरी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके साथ समय बिताना, उनकी भावनाओं को समझना और उन्हें त्योहारों में शामिल करना भी बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *