राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर उतरे स्कूली बच्चे, प्रतियोगिताओं और बैंड शो से जगाई देशभक्ति की अलख

निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को किया गया पुरस्कृत

संवाददाता
उरई/जालौन।

राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में जालौन पुलिस की ओर से 21 से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों के तहत 29 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के निर्देशन में डिवाइन मर्सी स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में “राष्ट्रीय एकता में पुलिस की भूमिका” विषय पर निबंध प्रतियोगिता और “पुलिस की भूमिका एवं राष्ट्रीय एकता” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से देशप्रेम और एकता की भावना को प्रदर्शित किया। वहीं, सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल पर स्कूली बच्चों ने देशभक्ति की धुनों पर शानदार बैंड शो प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम का उत्साह जगाया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *