1 नवंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में आयोजित होगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर
संवाददाता
उरई/जालौन।
आमजन को सुलभ न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 1 नवंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पंजीकरण और लाभ वितरण की सुविधा मिलेगी।
शिविर की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी समीर, अपर जिला जज प्रथम सतीश द्विवेदी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक खरे और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मनाली चंद्रा सहित अन्य अधिकारियों ने आयोजन स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर जिला जज प्रथम सतीश द्विवेदी ने बताया कि शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और बैंकिंग समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यदि किसी पात्र व्यक्ति को शिविर के दिन योजना का लाभ नहीं मिल पाता है, तो उसका फॉलोअप कर उसे संबंधित योजना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर विधिक सहायता प्राप्त करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।