पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

जालौन पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और बाइक बरामद

संवाददाता
उरई/जालौन।

अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली जालौन पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी आजाद खां को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात जालौन-कोंच मार्ग पर डी.डी. मेमोरियल स्कूल के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।

आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 9,500 रुपये नकद और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने 30 अगस्त 2026 को जालौन क्षेत्र में बस में सवार एक महिला के नकदी और जेवर चोरी करने की घटना में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में चोरी और धोखाधड़ी समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के पर्यवेक्षण और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *