कानपुर देहात पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और जनसेवा के प्रति किया जागरूक
संवाददाता
कानपुर देहात।
पुलिस स्मृति दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में कानपुर देहात पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता अभियान के तहत बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में शस्त्र प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं को पुलिस विभाग में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न शस्त्रों, उनकी कार्यप्रणाली और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुलिस के दायित्वों के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यशैली को करीब से समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा। पुलिस की ओर से 21 से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और सामुदायिक सहभागिता के महत्व से भी अवगत कराया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचन्द्र शुक्ला, महिला थाना प्रभारी नीरज शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।