एसपी सुरेश चंद्र रावत ने की समीक्षा बैठक, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया जोर
संवाददाता
उरई/जालौन।
अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत की अध्यक्षता में 28 अक्टूबर को पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में एसपी ने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सघन गश्त, चेकिंग और नाकाबंदी बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही अनसुलझे मामलों का जल्द खुलासा करने तथा अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसपी ने आईजीआरएस सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए, ताकि जनपद में कानून-व्यवस्था बनी रहे।
समीक्षा बैठक के बाद एसपी ने जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।