बी फसलों की उन्नत खेती और बीज शोधन की जानकारी देंगे कृषि वैज्ञानिक, विभिन्न विभाग लगाएंगे जागरूकता स्टॉल
संवाददाता
कानपुर देहात।
सेवा संकल्प अभियान के समापन अवसर पर शनिवार, 17 अक्टूबर को जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं रबी गोष्ठी-2026 का आयोजन किया जाएगा। माती स्थित ईको पार्क के सामुदायिक भवन में सुबह 11 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से 500 से अधिक प्रगतिशील, महिला एवं युवा किसान हिस्सा लेंगे।
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन तथा उप निदेशक कृषि हरीशंकर भार्गव के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, रबी फसलों के बेहतर प्रबंधन और मोटे अनाजों की वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना है।
कृषि वैज्ञानिक देंगे उन्नत खेती की जानकारी
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक किसानों को रबी फसलों की उन्नत बुवाई, बीज शोधन एवं फसल प्रबंधन की तकनीकी जानकारी देंगे। साथ ही किसान अपनी कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान भी विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर प्राप्त कर सकेंगे।
विभिन्न विभाग लगाएंगे जागरूकता स्टॉल
महोत्सव में कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी और मत्स्य विभाग की ओर से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। वहीं बाजरा, ज्वार और रागी से तैयार मूल्य संवर्धित उत्पादों की प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को मोटे अनाजों के उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा।
उप निदेशक कृषि हरीशंकर भार्गव ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ स्टॉल आवंटन, किसानों की सहभागिता और अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।