अपराध नियंत्रण को लेकर डीआईजी सख्त, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

महिला-बाल अपराध, गैंगस्टर व एनडीपीएस एक्ट पर प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर यमुना प्रसाद की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान जनपद की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण पर जोर

डीआईजी ने थाना स्तर पर लंबित विवेचनाओं एवं प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचना की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए न्यायालयों में दोषसिद्धि दर बढ़ाने के लिए प्रभावी पैरवी, मजबूत साक्ष्य संकलन और अभियोजन से बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने वांछित एवं सक्रिय अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट में हो कड़ी कार्रवाई

डीआईजी ने अपराधी गिरोहों, सक्रिय अपराधियों एवं भू-माफियाओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करने को कहा। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

महिला-बाल अपराधों में संवेदनशीलता से हो कार्रवाई

बैठक में महिला एवं बाल अपराधों की भी विशेष समीक्षा की गई। डीआईजी ने महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन शक्ति और वन-स्टॉप सेंटर की सक्रियता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

बाल श्रम, गुमशुदगी तथा बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जनता के बीच भरोसा मजबूत करने पर जोर

डीआईजी यमुना प्रसाद ने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच मैत्रीपूर्ण, संवेदनशील और भरोसेमंद होनी चाहिए। सभी थाना प्रभारी प्रतिदिन जनसुनवाई करें और फरियादियों, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों के साथ विनम्र एवं शालीन व्यवहार सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि आमजन बिना किसी भय या संकोच के अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचा सकें, इसके लिए थाना स्तर पर बेहतर वातावरण बनाया जाए।

अंत में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सभी अधिकारियों को डीआईजी के निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने तथा जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *