अकबरपुर थाने के वार्षिक निरीक्षण में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा
संवाददाता
कानपुर देहात
अकबरपुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर यमुना प्रसाद ने मंगलवार को थाना अकबरपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, बैरक, भोजनालय समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों एवं रजिस्टरों के रख-रखाव की समीक्षा करते हुए उन्हें अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी गश्त पर जोर
डीआईजी ने थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को प्रभावी गश्त, नियमित वाहन चेकिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं एवं प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण कराने पर जोर दिया।
इसके साथ ही वांछित अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी अभियान चलाने तथा अपराधियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फरियादियों की शिकायतों पर हो निष्पक्ष कार्रवाई
डीआईजी ने कहा कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके।
उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के साथ क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
ग्राम चौकीदारों से किया संवाद
निरीक्षण के बाद डीआईजी ने थाना क्षेत्र के ग्राम चौकीदारों से संवाद किया। उन्होंने चौकीदारों से गांवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही पुलिस एवं ग्राम चौकीदारों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान ग्राम चौकीदारों को साफा भेंट कर सम्मानित किया गया। डीआईजी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम चौकीदारों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, सीओ अकबरपुर संजय कुमार सिंह, सीओ सिकंदरा/लाइन्स सौरभ कुमार वर्मा, सीओ यातायात विनय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर समेत पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।