32 वाहनों के चालान, 3.10 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने सोमवार रात विशेष यातायात चेकिंग अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक यातायात के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में यातायात पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग की।
मोडिफाइड साइलेंसर और हूटर की जांच
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और दोषपूर्ण नंबर प्लेट की जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई। शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी।
बसों में सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल
विशेष अभियान के दौरान यात्री बसों में सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की गई। पुलिस टीमों ने मेडिकल किट, फायर सिलेंडर, आपातकालीन द्वार और ओवरलोडिंग समेत अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों की पड़ताल की।
32 वाहनों के चालान, 3.10 लाख रुपये वसूले
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 32 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस के अनुसार वाहन चालकों से कुल 3 लाख 10 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की कि शराब के नशे में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जिंदगी भी सुरक्षित रखें।