सेवा शिविर में 288 आवेदन, 192 का मौके पर निस्तारण

दिव्यांगजनों को बांटे सहायक उपकरण, लाभार्थियों को मिले पेंशन प्रमाण-पत्र

संवाददाता
कानपुर देहात

अकबरपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को अकबरपुर विकासखंड परिसर में सेवा शिविर का आयोजन किया गया। राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं लाभार्थी पहुंचे।

दिव्यांगजनों को बांटे सहायक उपकरण

शिविर के दौरान राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग की ओर से स्वीकृत पेंशन प्रमाण-पत्र भी लाभार्थियों को सौंपे गए। प्रमाण-पत्र एवं उपकरण मिलने पर लाभार्थियों ने खुशी जताई।

288 आवेदन मिले, 192 का मौके पर निस्तारण

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी गई। इस दौरान आवेदन एवं शिकायतें भी प्राप्त की गईं।

अधिकारियों के अनुसार शिविर में कुल 288 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 192 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अंतिम पायदान तक पहुंचाया जाए योजनाओं का लाभ

राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने अधिकारियों से शिविरों में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, प्रतिनिधि बउआ पांडे, मंडल अध्यक्ष आशीष दीक्षित, शिवा पांडेय, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, प्रभारी खंड विकास अधिकारी हरीश कुमार राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *