लक्खी शाह बंजारा के नाम पर हो प्रमुख चौराहा या भव्य स्मारक

अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविन्दर सिंह ने समाज के उत्थान पर किया संवाद

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविन्दर सिंह ने सोमवार को कानपुर देहात पहुंचकर बंजारा सिख समाज के प्रतिनिधियों एवं मीडिया से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और सामाजिक उत्थान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

लक्खी शाह बंजारा की स्मृति में स्मारक की अपील

सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान सरदार परविन्दर सिंह ने महान बलिदानी लक्खी शाह बंजारा के त्याग और ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की कि कानपुर देहात में किसी प्रमुख चौराहे का नाम लक्खी शाह बंजारा के नाम पर रखा जाए अथवा उनकी स्मृति में भव्य स्मारक या स्मृति स्तंभ का निर्माण कराया जाए।

उन्होंने कहा कि ऐसे स्मारक से नई पीढ़ी को लक्खी शाह बंजारा के ऐतिहासिक योगदान और बलिदान के बारे में जानकारी मिलेगी तथा समाज के गौरवशाली इतिहास को संरक्षित करने में मदद मिलेगी।

समाज की समस्याओं और विकास पर हुई चर्चा

इसके बाद सरदार परविन्दर सिंह अकबरपुर स्थित प्रेसा हॉस्पिटल पहुंचे। यहां बंजारा सिख समुदाय के संयोजक सरदार प्रमोद सिंह शेखावत के नेतृत्व में समाज के गणमान्य लोगों एवं प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। बैठक में समुदाय की समस्याओं, सुझावों और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

शिक्षा और स्वरोजगार पर दिया जोर

सरदार परविन्दर सिंह ने समाज के लोगों से शिक्षा को प्राथमिकता देने, स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और संगठित प्रयासों के माध्यम से समाज के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक विकास को गति दी जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में बंजारा सिख समाज के प्रतिनिधि, गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *