संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को कानपुर देहात पुलिस ने जिलेभर के बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीमों ने सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन और 1076 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं के बारे में भी बताया।
साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके
पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। उन्हें फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी साझा न करने और संदिग्ध लिंक या संदेशों पर सावधानी बरतने की अपील की।
कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम और घरेलू हिंसा से संरक्षण कानून सहित महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि कानून महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए कई अधिकार एवं संरक्षण प्रदान करता है।
असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल दें सूचना
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।
पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। जिले में महिला सुरक्षा और जागरूकता को लेकर ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।