ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर व श्रवण यंत्र समेत 53 सहायक उपकरणों का निःशुल्क वितरण
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को अकबरपुर विकासखंड परिसर में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने 45 दिव्यांगजनों को कुल 53 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए। सहायक उपकरण मिलने पर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम में 20 ट्राईसाइकिल, 9 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 8 व्हीलचेयर, 7 श्रवण यंत्र, 5 वैशाखी, 3 छड़ी और एक स्मार्टकेन वितरित की गई। इन सहायक उपकरणों से दिव्यांगजनों के आवागमन और दैनिक जीवन को आसान बनाने के साथ उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता
इस अवसर पर राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण एवं उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने कहा कि पात्र दिव्यांगजनों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उपकरण पाकर लाभार्थियों के खिले चेहरे
सहायक उपकरण मिलने पर लाभार्थियों ने सरकार और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के प्रति आभार जताया। लाभार्थियों ने कहा कि इन उपकरणों से उनके दैनिक आवागमन में काफी सुविधा होगी और वे अपने जरूरी कार्य अधिक आसानी से कर सकेंगे।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय उत्तम सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार मौजूद रहे।