कानपुर देहात में शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, नोटिस और मौका देने के बाद भी नहीं दिया संतोषजनक जवाब
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से बिना सूचना और अनुमति के विद्यालयों से अनुपस्थित चल रहे तीन शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। यह कार्रवाई जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय के निर्देश पर की गई।
विभाग के अनुसार, खंड शिक्षा अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाओं को नियमानुसार तीन-तीन नोटिस जारी किए गए थे। इसके अलावा समाचार पत्रों के माध्यम से भी सूचना प्रकाशित कर उन्हें अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया गया। इसके बावजूद संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाओं की ओर से कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण अथवा आवश्यक पत्राचार प्रस्तुत नहीं किया गया।
प्रत्यावेदन की जांच के बाद हुई कार्रवाई
विभाग की ओर से प्राप्त प्रत्यावेदनों की जांच की गई। जांच में दिए गए जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर विभाग ने प्रत्यावेदन निरस्त करते हुए संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया।
सेवा समाप्त किए गए शिक्षक-शिक्षिकाओं में सुश्री प्राची मिश्रा, सहायक अध्यापक, संविलित कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय भोलानिवादा, विकासखंड मैथा शामिल हैं, जो वर्ष 2017 से अनुपस्थित थीं।
इसी तरह सुश्री प्रज्ञा तिवारी, सहायक अध्यापक, संविलित विद्यालय लक्ष्मणपुर, विकासखंड अकबरपुर, वर्ष 2019 से अनुपस्थित थीं। वहीं श्री आदित्य नारायण सिंह, सहायक अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय कांधी की मड़ैया, विकासखंड राजपुर, वर्ष 2016 से बिना सूचना के अनुपस्थित चल रहे थे।
अनधिकृत अनुपस्थिति स्वीकार नहीं होगी
बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि शासकीय सेवाओं में कार्यरत कार्मिकों के लिए अपने दायित्वों का नियमित रूप से निर्वहन करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अनधिकृत अनुपस्थिति को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।