06 अक्टूबर को जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा लाइव प्रसारण, गर्भवती व धात्री महिलाओं को दी जाएगी पोषण संबंधी जानकारी
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। पोषण पखवाड़ा के तहत जनमानस और लाभार्थियों को पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास एवं कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 06 अक्टूबर को ‘हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी’ विषय पर पोषण पाठशाला आयोजित की जाएगी।
राज्य परियोजना निदेशक, पोषण अभियान, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित होने वाली पोषण पाठशाला का लाइव प्रसारण सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एनआईसी के माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं वेबकास्ट के जरिए किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रसारण निर्धारित वेबकास्ट लिंक के माध्यम से होगा।
सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को जोड़ा जाएगा
कार्यक्रम में जनपद स्तर पर एनआईसी के साथ-साथ जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को जोड़ा जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्मार्टफोन के माध्यम से कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत अंतिम त्रैमास की गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं उनके अभिभावकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
संतुलित पोषण और कुपोषण से बचाव की मिलेगी जानकारी
पोषण पाठशाला के दौरान लाभार्थियों को संतुलित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल, बाल विकास और कुपोषण से बचाव सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञों द्वारा माताओं एवं अभिभावकों को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पोषण संबंधी जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंच सके।