सात परिवारों में सुलह कराकर फिर जोड़ी रिश्तों की डोर

‘परिवार जागृति’ केंद्रों में संवेदनशील काउंसलिंग, आपसी सहमति से विवादों का हुआ समाधान

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में रविवार को जनपद के सभी सर्किल स्तर पर ‘परिवार जागृति’ विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। केंद्रों पर महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और पुलिस अधिकारियों ने पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की। दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनते हुए संवेदनशील काउंसलिंग के माध्यम से आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया गया।

अकबरपुर सर्किल के पुलिस लाइन, रसूलाबाद के थाना शिवली, डेरापुर के थाना डेरापुर, भोगनीपुर के थाना भोगनीपुर तथा सिकंदरा के थाना सिकंदरा में परिवार परामर्श केंद्र आयोजित किए गए। यहां पारिवारिक विवादों से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराया गया।

आपसी सहमति से सात परिवारों में हुआ समझौता

काउंसलिंग के दौरान अकबरपुर में चार, भोगनीपुर में एक और डेरापुर में दो परिवारों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इस तरह कुल सात परिवारों के विवादों का समाधान कर उन्हें फिर से साथ रहने के लिए सहमत कराया गया।

वहीं, अन्य मामलों में भी प्रभावी काउंसलिंग करते हुए दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया गया। जिन मामलों में तत्काल समाधान नहीं हो सका, उनमें अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।

संवाद और विश्वास मजबूत करने पर जोर

पुलिस के अनुसार, ‘परिवार जागृति’ केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का त्वरित और मानवीय दृष्टिकोण से समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है। काउंसलिंग के जरिए परिवारों के बीच संवाद, आपसी विश्वास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *