654 लोगों की कोविड जांच, 28 गोल्डन कार्ड बने; 14 मरीज उच्च स्वास्थ्य संस्थानों को रेफर
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। जनपद में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला-273 का आयोजन एक शहरी और 29 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। मेले में पहुंचे मरीजों की चिकित्सकीय जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए कुल 50 चिकित्सक और 123 पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहा।
जन आरोग्य मेले में कुल 1,777 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 819 पुरुष, 685 महिलाएं और 273 बच्चे शामिल रहे। वहीं कोविड हेल्प डेस्क पर 654 लोगों की जांच की गई। जांच के दौरान कोई भी व्यक्ति कोविड जांच के लिए पात्र नहीं पाया गया। इस दौरान 28 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
बुखार के मरीजों की मलेरिया और डेंगू जांच
मेले में बुखार से पीड़ित 181 मरीज पहुंचे। इनमें से 85 मरीजों की मलेरिया और नौ मरीजों की डेंगू जांच कराई गई। जांच में किसी भी मरीज में मलेरिया या डेंगू की पुष्टि नहीं हुई। इसके अलावा 37 लोगों की नेत्र जांच की गई, जबकि 149 लोगों को तंबाकू का सेवन छोड़ने के लिए जागरूक किया गया।
त्वचा और पेट संबंधी रोगों के मरीज अधिक
स्वास्थ्य शिविर में 115 मरीज सर्दी-जुकाम, 158 पेट संबंधी रोग और 240 मरीज त्वचा रोगों से पीड़ित मिले। इसके अलावा 57 एनीमिया, 96 मधुमेह और 68 उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीजों की पहचान की गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने 30 गर्भवती महिलाओं की जांच भी की।
जांच के दौरान कोई भी बच्चा कुपोषित नहीं मिला। वहीं एक संभावित क्षय रोगी चिन्हित किया गया। बेहतर उपचार की आवश्यकता वाले 14 मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों के लिए रेफर किया गया।
अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण
जन आरोग्य मेले के सफल संचालन और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की निगरानी के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।