छात्रवृत्ति से विद्यार्थियों को मिला शिक्षा का संबल

राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल ने छात्र-छात्राओं को वितरित किए स्वीकृति प्रमाण-पत्र

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। मां अन्नपूर्णा जनता इंटर कॉलेज, कांधी में शनिवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 की पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत जनपद स्तरीय छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल रहे।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना। इसके बाद राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल ने पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए।

राज्यमंत्री ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए शिक्षा जारी रखने में महत्वपूर्ण सहारा हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन के साथ पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिरुद्ध प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी समेत अन्य अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

अधिकारियों ने छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय पर आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। समारोह के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए सरकार के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *