मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और नशे में ड्राइविंग पर चला अभियान, 5.50 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला
संवाददाता
कानपुर देहात
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश के निर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में यातायात पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने 27/28 सितंबर की रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच की। इसके साथ ही वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
बसों में सुरक्षा मानकों की भी हुई जांच
विशेष अभियान के दौरान यात्री बसों को भी जांच के दायरे में रखा गया। पुलिस टीमों ने बसों में मेडिकल किट, फायर सिलेंडर, आपातकालीन द्वार, ओवरलोडिंग और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े अन्य निर्धारित मानकों की जांच की।
जांच के दौरान नियमों में खामी पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया।
76 वाहनों के चालान, 5.50 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला
पुलिस के अनुसार विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 76 वाहनों के चालान किए गए। कार्रवाई के दौरान उल्लंघनकर्ताओं से कुल 5 लाख 50 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, दोषपूर्ण नंबर प्लेट तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
आगे भी जारी रहेंगे सघन चेकिंग अभियान
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की ओर से बताया गया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ इस तरह के आकस्मिक और सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि शराब के नशे में वाहन न चलाएं, निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।