आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में गूंजी खुशियों की किलकारी, गर्भवतियों की हुई गोदभराई

अकबरपुर में आयोजित कार्यक्रम में चार गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन, उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित

संवाददाता
कानपुर देहात

सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड अकबरपुर में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार प्रतिभा शुक्ला ने की। कार्यक्रम में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, महिला कल्याण और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचीं राज्यमंत्री

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने आंगनबाड़ी केंद्र शहबाजपुर और नसरतपुर पहुंचकर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया। दोनों केंद्रों पर आयोजित हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में चयनित बच्चों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

इस दौरान चार गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। कार्यक्रम में मौजूद करीब 40 लोगों को राज्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के साथ पोषण, स्वास्थ्य एवं मातृ-शिशु देखभाल से संबंधित जानकारी सरल भाषा में दी।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और सुपोषित बच्चे के लिए केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जागरूकता जरूरी है।

चार बच्चों का अन्नप्राशन, चार महिलाओं की हुई गोदभराई

इसके बाद विकासखंड अकबरपुर परिसर स्थित सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां परियोजना अकबरपुर की उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान शुभ, मोहन, लक्ष्मी और हयाद का अन्नप्राशन कराया गया, जबकि शिवानी, सविता, शिल्पी और सायिदा की गोदभराई की गई। इस अवसर पर मौजूद करीब 180 लोगों को राज्यमंत्री ने पोषण, स्वास्थ्य, महिला कल्याण और बाल विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कुपोषण के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने का आह्वान

राज्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपील की कि पात्र महिलाओं और बच्चों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कुपोषण के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर परिवारों को आवश्यक जानकारी देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, मंडल अध्यक्ष आशीष दीक्षित, बउवा पाण्डेय, हरीश राठौर, प्रवीण सिंह, विनय शुक्ला और विष्णु मोहन दीक्षित सहित शहर स्लम परियोजना से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, लाभार्थी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *