भारी बारिश के बीच एडवाइजरी जारी, ‘सचेत’ और ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड करने की अपील
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। जनपद में लगातार हो रही बारिश तथा मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यन्त कुमार मौर्य ने जनपदवासियों से मौसम की स्थिति को लेकर सतर्क रहने तथा जिला प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के दौरान सावधानी बरतने और समय रहते आवश्यक तैयारियां करने से जन-धन की संभावित हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से विशेष रूप से मेघगर्जन एवं वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।
‘सचेत’ और ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड करने की अपील
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपने एंड्रॉयड मोबाइल में ‘सचेत’ एवं ‘दामिनी’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करने का आग्रह किया है। इन ऐप के माध्यम से मौसम एवं वज्रपात से संबंधित पूर्व चेतावनियां प्राप्त की जा सकती हैं। समय रहते चेतावनी मिलने पर लोग सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर संभावित खतरे से बचाव कर सकते हैं।
बिजली चमकने पर खुले स्थान पर न रहें
प्रशासन ने सलाह दी है कि मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान यदि कोई व्यक्ति खुले स्थान पर है तो तत्काल किसी सुरक्षित एवं पक्के भवन में शरण ले। इस दौरान खिड़की, दरवाजे, बरामदे और छत से दूरी बनाए रखें।
बिजली के उपकरणों, विद्युत तारों तथा अन्य विद्युत सुचालक वस्तुओं को छूने से बचने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही तालाब, नदी, जलाशय और अन्य जल स्रोतों से भी पर्याप्त दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
पेड़, बिजली के खंभे और धातु की वस्तुओं से रहें दूर
वज्रपात के दौरान खुले मैदान में समूह बनाकर खड़े होने के बजाय एक-दूसरे से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। नागरिकों को बिजली एवं टेलीफोन के खंभों, विद्युत तारों की बाड़, मशीनों तथा धातु से बने कृषि उपकरणों से दूर रहने को कहा गया है।
प्रशासन ने जर्जर अथवा पुराने भवनों में शरण लेने से भी बचने की सलाह दी है। इसके अलावा ऊंची इमारतों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की अपील की गई है।
वज्रपात से प्रभावित व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं
प्रशासन ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति वज्रपात की चपेट में आता है तो उसे बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर 112 पर सूचना दी जाए।
पशुओं की सुरक्षा के लिए उन्हें भी सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने की सलाह दी गई है। नागरिकों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए रेडियो, मोबाइल ऐप तथा अन्य संचार माध्यमों का लगातार उपयोग करने को कहा गया है।
घर के अंदर भी इन बातों का रखें ध्यान
प्रशासन के अनुसार मेघगर्जन एवं वज्रपात के दौरान घर के अंदर रहने पर भी पानी के नल, फ्रिज, टेलीफोन तथा अन्य विद्युत उपकरणों को अनावश्यक रूप से स्पर्श करने से बचना चाहिए। मौसम सामान्य होने तक घर के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है।
खुले में पैदल चलते समय धातु की डंडी वाले छाते का इस्तेमाल न करने तथा किसी भी धातु निर्मित वस्तु से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम
आपदा की स्थिति में नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। प्रशासन द्वारा जारी संपर्क नंबरों के अनुसार नागरिक टोल फ्री नंबर 1077 तथा मोबाइल नंबर 9044070030 और 9454416429 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें और आवश्यक सावधानी बरतें। साथ ही स्वयं, अपने परिवार और आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।