‘मेरे सपनों का भारत’ में रंगों और शब्दों से विद्यार्थियों ने उकेरी विकसित भारत की तस्वीर

इको पार्क माती में जनपद स्तरीय चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन, विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को इको पार्क माती में जनपद स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगों और शब्दों के माध्यम से विकसित भारत की अपनी कल्पना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, रसूलाबाद विधायक पूनम संखवार, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

प्रदर्शनी में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर तैयार की गई चित्रकलाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं कल्पनाशीलता की सराहना की।

चित्रों में विकसित भारत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी नवाचार, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र निर्माण जैसे विषय प्रमुखता से दिखाई दिए।

विभिन्न वर्गों में विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान

बेसिक शिक्षा विभाग की चित्रकला प्रतियोगिता में पल्लवी ने प्रथम, गोलू ने द्वितीय और प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

माध्यमिक शिक्षा विभाग की चित्रकला प्रतियोगिता में प्रिया अवस्थी प्रथम, शिवांश वर्मा द्वितीय और राधिका द्विवेदी तृतीय रहीं।

वहीं उच्च शिक्षा विभाग की चित्रकला प्रतियोगिता में शालिनी ने प्रथम, सविता ने द्वितीय और अमृता ने तृतीय स्थान हासिल किया।

उच्च शिक्षा विभाग की भाषण प्रतियोगिता में अंकुर गौतम ने प्रथम, शिवा साहू ने द्वितीय तथा छवि तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर

कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, प्रतिभा एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपने विचारों, सपनों एवं आकांक्षाओं को व्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां भी दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपने सपनों के भारत की परिकल्पना को रंगों एवं शब्दों के माध्यम से व्यक्त करने के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *