नदियों और जलीय जीवों के संरक्षण के साथ स्वच्छता का दिया संदेश, छात्र-छात्राओं ने ली शपथ
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन एवं प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला के मार्गदर्शन में स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किसुनपुर प्राथमिक विद्यालय में नदी, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नदी एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा विकसित भारत से संबंधित आकर्षक चित्रों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में उच्चतर प्राथमिक विद्यालय की महिमा ने प्रथम स्थान, राधिका देवी ने द्वितीय, कीर्ति ने तृतीय तथा खुशबू ने सांत्वना स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नमामि गंगे परियोजना के उद्देश्यों एवं नदी संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। जिला परियोजना अधिकारी ने बताया कि देश की बड़ी आबादी नदियों के किनारे निवास करती है और कृषि के बड़े क्षेत्र की सिंचाई नदियों के जल से होती है। नदियों के माध्यम से नहरों आदि में भी पानी पहुंचाया जाता है। ऐसे में नदियों को प्रदूषण से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण के साथ-साथ नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों और जैव विविधता का संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी नदी, पर्यावरण एवं स्वच्छता संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना अधिकारी ने सभी छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य श्रीमती मीना कुमारी, जलज परियोजना की रमा तिवारी तथा वन दरोगा सचिन गुप्ता शामिल रहे। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।