ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का जिलाधिकारी ने किया त्रैमासिक निरीक्षण

राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सीसीटीवी निगरानी और एफएलसी कार्य का लिया जायजा

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी समीर ने सोमवार को जनपद मुख्यालय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस प्रथम एवं द्वितीय का त्रैमासिक स्थलीय निरीक्षण किया। निर्वाचन आयोग के मैनुअल में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस के नियमित त्रैमासिक निरीक्षण का प्रावधान है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम की लॉग-बुक का अवलोकन किया और उसमें आवश्यक टिप्पणी भी अंकित की। इसके बाद उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष में स्थापित सीसीटीवी मॉनीटर सिस्टम का निरीक्षण किया। इस दौरान मौजूद विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त वीडियो फुटेज भी दिखाया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने वेयरहाउस में ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा, रखरखाव और निर्धारित निर्वाचन प्रक्रियाओं के अनुपालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट एफएलसी हॉल पहुंचकर बीईएल मेक एम-3 मॉडल की ईवीएम एवं वीवीपैट की चल रही फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) प्रक्रिया का राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निरीक्षण किया। उन्होंने एफएलसी कार्य की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। जालौन में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी प्रक्रिया 17 सितंबर 2026 से शुरू की गई है।

जिलाधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में रखी मशीनों की साफ-सफाई एवं रखरखाव के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा, व्यवस्थित रखरखाव तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव राज, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचन्द मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट उरई एवं इंचार्ज ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस सुनील कुमार, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) कालपी कुमार संजय, ईवीएम सहायक तलहा मजहर सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विनोद कुमार नगरिया, जिला सचिव सीपीआई (एम), जमाल उद्दीन, जिला महासचिव सपा, शान्ति स्वरूप महेश्वरी, प्रभारी निर्वाचन भाजपा, राज कुमार वर्मा, आईएनसी, राजीव शर्मा, सपा, अनिल कुदारी, जिला अध्यक्ष अपना दल (एस), भगवती शरण पांचाल, जिला सचिव बसपा, बृजेश जाटव, जिला अध्यक्ष बसपा सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *