साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को मिली पूरी धनराशि वापस
संवाददाता
कानपुर देहात।
शिवली। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी के शिकार व्यक्ति के खाते से निकाली गई पूरी 5,000 रुपये की धनराशि वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नेवादा देवराय निवासी रिवांशू पुत्र रंजीत सोनकर के बैंक खाते से साइबर ठगों ने कथित तौर पर फिंगरप्रिंट का क्लोन तैयार कर एईपीएस (AEPS) के माध्यम से 5,000 रुपये निकाल लिए थे। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाना शिवली स्थित साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद साइबर हेल्प डेस्क की टीम ने मामले की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम के प्रयासों से ठगी गई पूरी 5,000 रुपये की धनराशि 3 अक्टूबर 2026 को पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने शिवली पुलिस का आभार जताया।
धनराशि वापस कराने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, कांस्टेबल ऑपरेटर अतुल कुमार और महिला कांस्टेबल प्रीति सोनकर शामिल रहीं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। इसके अलावा साइबर अपराध की शिकायत cybercrime.gov.in पर भी दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की अपील की है।