जालौन की सड़कों को गड्ढों से मिलेगी मुक्ति, 63 किमी मार्गों पर शुरू हुआ मरम्मत अभियान

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। जनपद की सड़कों को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर सोमवार से गड्ढामुक्ति अभियान शुरू कर दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चिन्हित मार्गों पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की खराब सतह और गड्ढों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। अभियान के पहले चरण में उरई क्षेत्र के पांच प्रमुख मार्गों को शामिल करते हुए कुल 63 किलोमीटर सड़क को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के तहत कोंच-पहाड़गांव-कमतरि मार्ग के 15 किलोमीटर तथा बंगरा रेडर-लगामपुरा मार्ग के 15 किलोमीटर हिस्से में मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा हमीरपुर-कालपी मार्ग के 20 किलोमीटर, आटा-चुर्खी मार्ग से नूरपुर संपर्क मार्ग के 3 किलोमीटर और जालौन-चुर्खी मार्ग के 10 किलोमीटर हिस्से को भी गड्ढामुक्त किया जाएगा।

जिलाधिकारी के निर्देश के बाद संबंधित खंडों के अधिशासी अभियंताओं द्वारा चिन्हित मार्गों पर कार्यवाही शुरू कर दी गई है। हमीरपुर-कालपी मार्ग एसएच-91 श्रेणी में आता है, जबकि अन्य चिन्हित मार्गों में ओडीआर एवं ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं।

गड्ढामुक्ति अभियान के माध्यम से सड़कों की स्थिति में सुधार के साथ राहगीरों और वाहन चालकों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण एवं मरम्मत कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि चिन्हित मार्गों पर आवागमन की समस्या को दूर किया जा सके।

प्रशासन के अनुसार आगामी चरणों में आवश्यकता के आधार पर अन्य खराब एवं क्षतिग्रस्त मार्गों को भी गड्ढामुक्ति अभियान में शामिल करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *